अतर्रा। गोशालाओं में गोवंशों की खुराक में रस्म अदायगी की जा रही है। गोशालाओं में गोवंशों का कोई पुरसाहाल नहीं है। बरसात के सीजन में जलभराव और गंदगी के बीच गोवंशों को भूसा परोसा जा रहा है। सबमर्सिबल खराब होने से पीने को पानी भी नहीं मिल रहा।
नगर पालिका द्वारा संचालित कान्हा गोशाला में गोवंशों का कोई पुरसाहाल नहीं है। संचालकों की लापरवाही से यहां प्रतिदिन गायों की मौत हो रहीं हैं। अन्ना गोवंशों की खुराकी में कटौती की जा रही है। भरपेट भोजन न मिलने से कई गाय कुपोषण का शिकार हो रही हैं। भाजपा वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने मंडलायुक्त से टीम गठित कर जांच कराने की मांग की। गांव के एक ग्रामीण ने बताया कि प्रतिदिन गोवंश दम तोड़ रहे हैं। मृत गोवंशों की दुर्गंध से बैठना मुश्किल है।
बृहस्पतिवार को दोपहर हुई बारिश में गोशाला में टिन शेड न होने से अधिकांश जानवर खुले में रहने को मजबूर हैं। कागज में पशु आहार, आटा, दलिया, चूनी चोकर, भूसा दर्ज है। कान्हा गोशाला मे 215 गायें पंजीकृत हैं। इनकी देखरेख के लिए 11 कर्मचारी तैनात हैं। यह कर्मी दो शिफ्टों में कार्य करते हैं। एसडीएम सौरभ शुक्ला ने टीम गठित कर कार्रवाई करने की बात कही। पालिका प्रशासन डिप्टी कलक्टर अवधेश निगम ने कहा कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।