बांदा। मंडल मुख्यालय के अति व्यस्त स्टेशन रोड पर बेखौफ गुंडों ने दैनिक अखबार लेकर आई टैक्सी के क्लीनर पर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से शरीर पर गहरे घाव हो गए। आंखों में मिर्च का पाउडर झोंक दिया।
इस मामले में तीन नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उधर, गंभीर रूप से घायल क्लीनर को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया।
रोजमर्रा की तरह अखबार लेकर टैक्सी तड़के करीब तीन बजे स्टेशन रोड आई थी। अखबार उतारते समय क्लीनर संजय और ड्राइवर कान्हा को घेरकर हमला कर दिया। संजय पर धारदार हथियार से कई वार किए। आंखों में मिर्च का पाउडर झोंक दिया।
संजय नजदीक की दुकान में भागा तो हमलावरों ने वहां आकर चाकू से हमला किया। वहां मौजूद दूसरी टैक्सी ड्राइवर संतोष और ब्रजेश को भी पीटा। हमलावर मौके से भाग निकले। घायल संजय को जिला अस्पताल ले जाया गया वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।
संजय के चाचा रामजियावन (मवई बाईपास, बांदा) ने कोतवाली में दी तहरीर में चंदू चौरसिया, शकील और अकील उर्फ अद्दा तथा 3-4 अज्ञात को नामजद किया है। प्रभारी शहर कोतवाल राजीव यादव ने बताया कि आरोपी चंदू चौरसिया को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।