फोटो - 10 ब्रह्मविज्ञान इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को जानकारी देते आयुर्वेद चिकित्सक। स्रोत
अतर्रा। राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के चिकित्सकों ने शनिवार को ब्रह्म विज्ञान इंटर कॉलेज के छात्रों को आयुर्वेद के महत्व से अवगत कराया। बताया कि आयुर्वेद के प्रयोग से स्वस्थ जीवन व दीर्घायु प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था।
बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुशवाहा ने कहा कि आयुर्वेद जन-जन की चिकित्सा पद्धति है, इसके प्रयोग से जीवन स्वस्थ और दीर्घायु होता है। उन्होंने छात्रों से स्वच्छ पानी पीने, ताजा भोजन और संतुलित आहार लेने पर जोर दिया। शल्य चिकित्सक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि आयुर्वेद को अपनाने से व्यक्ति शतायु हो सकता है। वहीं डॉ. रजत ने 23 सितंबर को होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के विषय में जानकारी दी।
डॉ. सुनील व डॉ. दिलीप ने छात्रों को आयुर्वेद के लाभ बताकर जागरूक किया। कार्यक्रम आयुर्वेद कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आशीष अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ। ब्रह्म विज्ञान कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवदत्त त्रिपाठी ने कहा कि आयुर्वेद अपनाने से संपूर्ण पृथ्वी का कल्याण संभव है। यह अभियान 18 से 23 सितंबर तक चलेगा, जिसमें ऋतुओं के अनुसार आहार और फास्ट फूड से दूरी बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा।