पोस्टर प्रतियोगिता के चयनित प्रथम, द्वितीय व तृतीय प्रतिभागियों के साथ प्रधानाचार्य डा.अनिल सिं
- फोटो : BANDA
बबेरू। अमर उजाला और उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वदेशी चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने स्वदेशी थीम पर विभिन्न संदेश देने वाले आकर्षक पोस्टर बनाए। निर्णायकों ने इनमें तीन को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के लिए चुना। छात्राओं का पलड़ा भारी रहा। तीनों पुरस्कार उन्होंने जीते।
शनिवार को यहां जेपी शर्मा इंटर कालेज में आयोजित स्वदेशी चित्रकला प्रतियोगिता (ड्राइंग कंप्टीशन) में विद्यालय के एक सैकड़ा छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। दी गई ड्राइंग शीट पर छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और लगन से स्वदेशी विषय पर आकर्षक चित्र बनाए। किसी ने गांधी जी का प्रिय चरखा बनाया तो किसी ने राष्ट्रपिता को चित्रांकित किया।
कई प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने स्वदेशी को प्रेरणा देने वाले आकर्षक स्लोगन भी लिखे। प्रधानाचार्य डा.अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में इंटर कालेज में प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता समाप्त होने के तत्काल बाद ही विद्यालय के निर्णायक मंडल ने सभी शीट (पोस्टर) का बारीकी से अवलोकन करने के बाद प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान निर्धारित किए।
कुमारी अदिति पटेल (10बी-1) को प्रथम स्थान घोषित किया गया। आकांक्षा गुप्ता (12डी-2) के पोस्टर को दूसरा स्थान मिला। प्रेरणा सिंह (11डी-2) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। तीनों प्रतिभागियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को चरखे पर सूत कातते हुए विभिन्न स्वरूपों में दर्शाया था। निर्णायकों में नीरज मिश्रा, धर्मेंद्र चतुर्वेदी और राजीव मिश्रा शामिल थे। प्रतियोगिता के दौरान कालेज के पंकज गुप्ता, पारस प्रजापति, मिथलेश, राजू मिश्रा ने कक्ष निरीक्षक के रूप में दायित्व संभाला। शिवगोपाल गुप्ता, पीके सिंह, विवेक गुप्ता, सूर्यकांत दुबे, रामेश्वर, नीरज, मुकेश वर्मा, अभिषेक गुप्ता, बाबूलाल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।