बांदा। पति के साथ मनरेगा मजदूरी में जा रही युवती की बाइक से गिरकर मौत हो गई। पत्नी की आहट बाइक चला रहे पति को नहीं लगी और वह दूर तक निकल गया। बाद में लौटकर पत्नी को अस्पताल लाया। यहां डाक्टरोें ने मौत की पुष्टि कर दी।
घटना मटौंध थाना क्षेत्र के बसहेरी गांव की है। यहां की सुन्नी देवी (34) शनिवार को दोपहर पति लालबहादुर के साथ बाइक पर गांव के बाहर चल रहे मनरेगा कार्य में मिट्टी खोदने जा रही थी। रास्ते में बाइक से गिर गई। उधर, बाइक चला रहे पति को भनक नहीं लगी। वह आगे निकल गया।
कुछ दूरी बाद अहसास होने पर लौटा तो रास्ते में पत्नी मरणासन्न अवस्था में पड़ी मिली। उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भांजे अनिल ने बताया कि गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मनेरगा में खंती खोदी जा रही है।
पति-पत्नी लालबहादुर और सुन्नी देवी यहां मजदूरी करते थे। उन्हें 400 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिल रही थी। मृतका अपने पीछे 4 मासूम बच्चे छोड़ गई है। इनमें दो पुत्र और दो पुत्रियां है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बाइक की टक्कर से बालिका की मौत
बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र के कलेक्टर पुरवा में शनिवार को दोपहर जिया लाल की 6 वर्षीय पुत्री प्रिया गांव के नजदीक बांदा-बबेरू मार्ग में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हो गई।
बाइक सवार भी गिरकर जख्मी हो गया। प्रिया को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। यहां देर रात उसकी मौत हो गई। देहात कोतवाली प्रभारी हुकुम पाल सिंह ने बताया कि बालिका के पिता की तहरीर पर बाइक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।