नरैनी। चेकडैम में सीमेंट की बोरी धुलने गई युवती की डूबकर मौत हो गई। दो साल पूर्व शादी हुई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कालिंजर थाना क्षेत्र के सिजहरी गांव निवासी बबलू राजपूत की पत्नी गंगोत्री (23) सोमवार को सुबह घर से कुछ दूर नाले में बने चेकडैम में सीमेंट की बोरी धुलने गई थी। साथ में 12 वर्षीय नंद शिवानी भी थी।
पैर फिसल जाने पर गंगोत्री गहरे पानी में समा गई। नंद शिवानी का शोर सुनकर वहां मौजूद किसानों ने बमुश्किल गंगोत्री को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के ससुर कमलेश राजपूत ने बताया कि गंगोत्री की शादी दो साल पूर्व हुई थी। कोई संतान नहीं है। मायका मसौनी भरतपुर गांव है। मायके वालों को सूचना दी है।