अतर्रा। प्रेम प्रसंग के चलते युवती ने ननिहाल में बृहस्पतिवार की शाम जहर खा लिया। हालत खराब होने पर युवती को अतर्रा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर डाक्टरों द्वारा जवाब देने के बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। युवती ने मेडिकल कालेज में ही उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हालांकि युवती के भाई ने प्रेमी किशोर व उसके परिजनों पर जबरन जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
थाना बिसंडा क्षेत्र के गांव में 18 वर्षीय युवती ने ननिहाल में बृहस्पतिवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती के परिजन उसे अचेतावस्था में सीएचसी अतर्रा लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। युवती के पिता की कई वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अधिकतर समय ननिहाल में ही रहती थी।
इसी दौरान गांव के एक किशोर से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने करीब दो माह पहले उसे (मध्यप्रदेश) में रहने वाली बुआ के घर भेज दिया था। बीते बुधवार रात युवती प्रेमी के साथ बुआ के घर से भागकर ननिहाल पहुंच गई। बृहस्पतिवार को युवती की खोज में भाई प्रेमी के घर पहुंचा। भाई का बहन के प्रेमी से विवाद हो गया। युवती के भाई आरोप है कि प्रेमी ने तमंचा दिखाकर डराने की कोशिश की।
सूचना पर पुलिस पहुंची और युवती को भाई को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसी दौरान उसकी बहन को प्रेमी व उसके परिजनों ने जहरीला पदार्थ खिला दिया।
उधर बिसंडा थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में युवती की सुपुर्दगी की गई थी। संभावना है कि युवती ने भयवश जहरीला पदार्थ खा लिया हो। सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने कहा कि परिजनों की तहरीर पर इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।