कूलर वितरण में लाभार्थियों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष और बड़ोखर ब्लॉक प्रमुख आदि। संवाद
बांदा। उच्च तापमान का कीर्तिमान कायम करके देश-दुनिया की सुर्खियों में आए बांदा जनपद पर देश की बड़ी कंपनियां भी पसीज गई हैं। ताजे उदाहरण में इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रानिक सहित अन्य उपकरण बनाने वाली प्रतिष्ठित कंपनी ने यहां ग्रामीण क्षेत्रों के सौ जरूरतमंदों सहित आंगनबाड़ी केंद्रों व प्राथमिक विद्यालयों को चिह्नित करके उन्हें अपनी कंपनी के कूलरों का वितरण किया है।
रविवार को बड़ोखर खुर्द गांव में प्रगतिशील किसान प्रेम सिंह की मेज़बानी में उनकी बगिया में आयोजित सादे समारोह में जनपद के 33 गांवों के जरूरतमंद महिला-पुरुष और दिव्यांग ग्रामीणों को कूलर वितरित किए गए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, बड़ोखर ब्लाक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, पूर्व चेयरमैन विनोद जैन ने कंपनी के इस कदम की सराहना की। अधिकांश लाभार्थी ऐसे थे जिनके पास साधारण पंखा (टेबिल फैन) भी नहीं है। समारोह में पूर्व प्रधान बलराम सिंह, रोहित मिश्रा, सैय्यद जाफरी, शिवाकांत मिश्रा, दीपक सिंह व कंपनी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।