बांदा। महिला ने दो लोगों पर बैंक खाते में फर्जीवाड़ा कर अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज कराने तथा चेकबुक हासिल कर दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी सबीहा खातून ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने 6 जून 2022 को पंजाब नेशनल बैंक की आवास विकास शाखा में अपना बैंक खाता खुलवाया था। खाता खुलवाते समय आजम उर्फ रहेजा निवासी बिजली खेड़ा गारंटर बना था। खाता खुलने के बाद आजम खान ने साजिश के तहत उनके खाते में अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करा ली। इसके बाद आरोपी ने डाक के माध्यम से जारी हुई 20 पन्नों की चेकबुक खुद प्राप्त कर ली। बाद में दूसरी चेकबुक भी जारी करा ली गई, जबकि उसे इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। वह लंबे समय तक इस फर्जीवाड़े से अनजान रहीं।
आरोप है कि आजम खान और उसके पिता अयूब खान ने चेकबुक का इस्तेमाल करते हुए फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए चेक जारी कर दुरुपयोग किया। कुछ चेक बैंकों में लगाए गए, जो बाद में बाउंस भी हो गए। पीड़िता ने दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।