बांदा। प्रदेश के खाद्य एवं रसद आयुक्त और शासन द्वारा बांदा जिले के लिए नामित नोडल अधिकारी मनीष चौहान ने निर्देश दिया है कि जो कोटेदार अधिक प्राक्सी करके राशन वितरण कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिले की सभी पेयजल योजनाओं की जांच के आदेश दिए। जिले में आयुष्मान कार्ड की सुस्त रफ्तार पर भी नाराजगी जताई।
दो दिवसीय भ्रमण के दौरान बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम राशन कार्ड की फीडिंग की हर हफ्ते समीक्षा करें। जिन कोटेदारों द्वारा अधिक प्राक्सी की जा रही है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। नोडल अधिकारी ने आयुष्मान योजना के कार्डों का लक्ष्य एक लाख 38 हजार होने और अब तक मात्र 58 हजार गोल्डन कार्ड जारी होने पर नाराजगी जताई।
निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों कम कार्ड बने हैं, वहां स्वास्थ्य विभाग कैंप लगाकर कार्ड बनाए। जिले में एक लाख लीटर क्षमता की लगने वाली डेरी की स्थापना में तेजी लाई जाए। बिसंडा व नरैनी में डूडा योजना के आवास पात्र लाभार्थियों को दिलाने के निर्देश दिए।
गौ आश्रय स्थलों के निर्माण में तेजी और संरक्षित गायों के चारे पानी की व्यवस्था के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने जनपद की सभी पेजयल योजनाओं की जांच कराने के निर्देश दिए। योजनाओं का लाभ लक्ष्य के अनुरूप मिल रहा है या नहीं। धान खरीद का लक्ष्य 31 दिसंबर तक पूरा करने को कहा। पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वांछित अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और विवेचनाओं का निस्तारण कराएं।
बैठक में डीएम हीरालाल ने कहा कि नोडल अधिकारी द्वारा पिछली बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का सभी विभागों ने अनुपालन कर लिया है। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यो को समय से पूरा करने के साथ ही इसके अलावा भी कुछ उल्लेखनीय काम करें।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने अपराधियों पर की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। कहा कि नगर के सभी प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। बैठक में प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।