वाहन की टक्कर से घायल साइकिल सवार मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, चौथी लेकर लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। उस पर सवार पांच लोग घायल हो गए।
यूपी-100 पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, यात्रियों से भरी रोडवेज बस खंती में जा घुसी। उस पर सवार लगभग 60 यात्री बाल-बाल बच गए।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ौली गांव का रामदेव (55) पुत्र मौलवी साहू सोमवार को साइकिल से आते समय कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव के पास वाहन ने टक्कर मार दी थी।
गंभीर हालत में उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां देर रात उसकी मौत हो गई। चचेरे भाई नवल ने बताया कि मृतक मजदूरी करता था। वह अपने पीछे पत्नी सहित तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गया है।
उधर, मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौंड़ गांव में कल्लू की पुत्री सुमन (19) की सोमवार को शाम चौथी लेकर परिजन सिसोलर (हमीरपुर) से बोलेरो कार से लौट रहे थे। थाना क्षेत्र के मरौली मोड़ के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई।
उस पर सवार सुमन समेत उसका भाई जयकरन (27) व बहन निर्मला (16), ज्ञान (24) पुत्र बल्देव और सत्तू (15) पुत्र बहोरी बुरी तरह घायल हो गए। यूपी-100 पुलिस के एचसीपी प्रेम सिंह ने अपने वाहन से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
जसपुरा में मंगलवार को सुबह उरई डिपो की बस बांदा से हमीरपुर की तरफ जाते समय रामपुर चौराहे के पास खंती में जा गिरी। यात्रियों के मुताबिक बाइक सवार को बचाने में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। यात्रियों को चोटें नहीं आईं।