General Assembly angry on BJP for neglecting Kayasthas
- फोटो : BANDA
बांदा। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने भाजपा पर कायस्थ समाज के कार्यकर्ताओं और नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। कहा कि प्रदेश समिति में कायस्थ समाज को प्रतिनिधित्व न देकर अपमान किया गया है। इससे समाज में रोष है।
गुरुवार को भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष रामकेश निषाद को सौंपे ज्ञापन में कहा कि पिछले कुछ वर्षों से भाजपा कायस्थ नेताओं को सम्मान नहीं दे रही। राज्यसभा, मेयर, एमएलसी, लोकसभा, विधानसभा इत्यादि में अनदेखी के बाद अब प्रदेश कार्यकारिणी में भी जगह नहीं दी गई।
महासभा के नगर उपाध्यक्ष नितीश कुमार निगम ने कहा कि वह छात्र राजनीति से ही भाजपा का ही समर्थन कर रहे हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि अब यहां उनका भविष्य नहीं है। महामंत्री प्रियांशु सक्सेना और शहर अध्यक्ष अनुभव श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज किसी भी पार्टी के साथ ईमानदारी से काम करता है।
समाज को स्थान न मिला तो इसके विरोध में आवाज बुलंद की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष लव सिन्हा, संगठन मंत्री शुभम श्रीवास्तव सहित मोहित निगम, अंशू निगम, सर्वेश निगम, हितेश श्रीवास्तव, श्रेयांश श्रीवास्तव भी शामिल रहे।