करतल। मध्य प्रदेश के जुआरी यूपी में हार-जीत के दांव लगा रहे हैं। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के करतल, पुकारी, नेढ़ुवा, बड़ैछा, बिल्हरका, महाराजपुर आदि गांवों में नाल बंद जुआ संचालित किया जा रहा है। एमपी के छतरपुर और पन्ना जिले से जुआरी यहां दांव लगाने आ रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, पुकारी गांव के मजरा अकेलवा में हाईवे के किनारे पीपल के पेड़ के नीचे जुए की फड़ लगती है। पुलिस से बेखौफ जुआ माफिया जुआ खेलने वालों को ब्याज पर रकम मुहैया कराते हैं। जुआ हारने वाला यदि पैसा नहीं देता तो उसकी जमीन या संपत्ति गिरवी रख लेते हैं। नतीजे में जुआ खिलाने वाले मालामाल हो रहे और हार-जीत का दांव लगाने वाले कर्जदार हो रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि इन गांवों में अवैध शराब की बिक्री भी की जा रही है। इस बाबत सीओ नरैनी नितिन कुमार ने बताया कि जुआ फड़ पर कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी को अवगत कराकर इसकी धरपकड़ की जाएगी।