अतर्रा। कस्बे के एक युवक से पांच बीघा कृषि भूमि बेचने के नाम पर उसके परिचित ने 15 लाख रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित पंकज सिंह ने बताया कि अप्रैल 2022 में उक्त परिचित ने अपनी कृषि भूमि का सौदा 30 लाख रुपये में तय किया था। जमीन की आधी रकम 15 लाख रुपये उन्होंने अपनी पत्नी रितु सिंह के खाते से युवक के आर्यावर्त बैंक शाखा तुर्रा के खाते में ट्रांसफर कर दी थी। शेष धनराशि जमीन खाली कराने और रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी। बताया कुछ समय बाद जब पंकज सिंह ने युवक से रजिस्ट्री कराने की बात की तो उसने बहाने बनाकर मामला टाल दिया। कहा, इधर-उधर जानकारी करने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा हुआ था, उस पर पहले से मुकदमा दर्ज है और आरोपी ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर धोखाधड़ी की है। जिसके बाद पीड़ित इसी वर्ष के 30 सितंबर को अपने पिता और पत्नी के साथ तुर्रा गांव जाकर युवक से 15 लाख रुपये वापस मांगे, जिस पर युवक ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
पंकज सिंह ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पहले से थाने में दर्ज है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर तुर्रा निवासी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और दस्तावेजों से छेड़छाड़ जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।