बांदा। जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में बुधवार को पांच लोगों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। इनमें से दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई, वहीं दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
जसपुरा थानाक्षेत्र के रामपुर गांव निवासी महेश द्विवेदी (45) ने बुधवार दोपहर घर पर ही जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। परिजन तत्काल उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया। परिवार के सदस्य विजय शंकर ने बताया कि मृतक अविवाहित थे और शराब के आदी थे। आशंका जताई की नशे की हालत में ही उन्होंने जहर गटक लिया होगा। मृ
वहीं पैलानी थानाक्षेत्र के पिपरहरी गांव निवासी रामस्वरूप (65) ने भी बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित किया। पुत्र राजेश और राकेश ने बताया कि वह गांव में किराने की दुकान चलाते थे। वह पिता की मौत का कारण नहीं बता सके।
एक अन्य घटना में मरका थानाक्षेत्र के मरका गांव निवासी राजसजीवन की पुत्री गुजरिया देवी (18) ने पिता की डांट से नाराज होकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, वहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। इसी प्रकार जसपुरा गांव निवासी संदीप कुमार (22) ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।