बांदा। बड़ोखर खुर्द ब्लॉक क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय बजरंग पुरवा में शिक्षकों के साथ मारपीट के मामले में शिक्षक संगठन के विरोध के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने आरोपी भाजपा सेक्टर प्रभारी सतानंद व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
भाजपा नेता सतानंद पर नशे की हालत में विद्यालय परिसर में घुसकर शिक्षकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।इसमें विद्यालय के शिक्षक नशे में धुत भाजपा नेता के स्कूल परिसर में प्रवेश करने से रोका तो भाजपा नेता आक्रोशित होकर विद्यालय की पत्रावली भी फाड़कर मारपीट शुरू कर दी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने प्रधानाचार्य बृजेंद्र कुमार सिंह से तहरीर लेते हुए भाजपा नेता व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर माध्यमिक शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने शिक्षकों से मारपीट करने वालों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।