बबेरू। बबेरू कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 110 किलोग्राम पशु का मांस, राइफल तथा धारदार हथियार बरामद किए। तीन आरोपी भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायर भी किया।
पकड़े गए सभी आरोपी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव के हैं। उन्हें जेल भेज दिया गया। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिस ने हरदौली गांव में नहर के पास बबूल की झाड़ी में छिपे लोगों को ललकारा। उन्होंने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को घेरकर दबोच लिया। तीन भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों में शमशाद, मुस्तफा, सरताज व कमालुद्दीन शामिल हैं।
अन्य तीन शंभू, अंसार व लइका भागने में सफल रहे। पुलिस के मुताबिक, शमशाद से राइफल व पांच कारतूस, कमालुद्दीन उर्फ राजू से चापर व कुल्हाड़ी, सरताज से कुल्हाड़ी व हंसिया और मुस्तफा से चाकू बरामद किया। उनके पास से तीन बोरियों में 110 किलोग्राम पशु मांस और तराजू भी मिला। पुलिस का कहना है कि आरोपी गोवंश वध के बाद मांस की बिक्री करने जा रहे थे।
एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान और क्षेत्राधिकारी सियाराम ने बताया कि शमशाद पर बबेरू व बिसंडा थाना में 16 आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें दस्यु उन्मूलन अधिनियम, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट आदि शामिल हैं। मुस्तफा पर भी बबेरू कोतवाली में एक केस पंजीकृत है। सभी को जेल भेज दिया गया है।