महर्षि कन्या इंटर कालेज के स्थापना दिवस समारोह में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम की धूम रही। इस विषय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष निर्मला सिंह ने भेदभाव खत्म कर बेटियों की शिक्षा के लिए प्रेरणा दी।
शनिवार को भाजपा प्रदेश महासचिव स्वतंत्र देव सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष ने सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण और दीप जलाकर समारोह की शुरूआत की। छात्रा दिव्यांशी, प्रिया, शैलजा ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत गाया। देश व प्रदेश में जनपद का गौरव बढ़ाने वाली वादन व गायन की मेधावी छात्रा कुमारी अमृता सिंह ने गीत पेश किया।
अन्य छात्राओं ने कन्या भ्रूण हत्या पर नाटक का मंचन किया। छात्रा कविता सिंह ने भाषण दिया। भाजपा नेता ने कहा कि बेटियों को मार देने वाले परिवार में लक्ष्मी का वास नहीं होता। उन्होंने बेटियों को अच्छा पढ़ाने और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। बेटी बचाओ अभियान पर प्रभा गुप्ता को सम्मानित किया गया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह दिए गए। प्रबंधक प्रताप सिंह सचान ने विद्यालय की प्रगति की जानकारी दी। प्रधानाचार्य सीमा श्रीवास्तव ने आभार जताया।
पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह पटेल, संतोष गुप्ता, बालमुकुंद शुक्ला, अजय पटेल, विवेकानंद गुप्ता, विश्वेशर पांडेय, डा.एसएन भारतीय, विजयपाल सिंह, रामप्रकाश गुप्ता, रामनरेश मिश्रा, रतिभान सिंह, संतोष यादव, रामप्रकाश साहू, केशव प्रजापति, विजय विक्रम सिंह, रिंकू सिंह, माया गुप्ता और आयोजकों में मुकेश सिंह, रजनी सचान, रोली सिंह, अल्का गौड़, वंदना सिंह शामिल रहे। अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह व संचालन सच्चिदानंद पांडेय ने किया।