Forest fire created orgy, 30 houses burnt
- फोटो : BANDA
बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के जुगरेहली गांव में गुरुवार को दोपहर मकानों से सटे खेत और जंगल में लगी आग की चपेट में 30 रिहायसी मकान आ गए। तीन मकानों में गैस सिलिंडर भी फट गए। दंपती भी झुलस गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने करीब छह घंटे में आग पर काबू पाया।
गांव के खेत और जंगल में अज्ञात कारणों के चलते लगी आग से रामदास, रामदीन, राममिलन, राजा, भूपत, राजकरन, हरिवा, भुरवा, भाउवा, संपत, झंगू, चुन्नू, रानी, देवन, रवि कुमार, ओमप्रकाश, प्रेम, विनोद, चुनबाद समेत 30 मकान जलकर राख हो गए। घरों के अंदर रखा गेहूं, लाही, कपड़े आदि सब जल गए।
तीन जुलाई को बेटी की है शादी
भुरवा (65) व पत्नी मुहानिया (62) आग बुझाने में गंभीर झुलस गए। राजेंद्र की पुत्री आरती की तीन जुलाई को शादी है। घर में रखा शादी का सामान भी जल गया। ग्रामीणों की जानकारी पर फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने भी कुआं और हैंडपंप से आग बुझाने में मदद की। 30 परिवार खुले आसमान तले आ गए हैं। उन्होंने खेतों पर डेरा डाल लिया है।