नरैनी (बांदा)। पांच हजार किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर आए रंग-बिरंगे विदेशी परिंदों ने रक्सी बांध में डेरा डाल दिया। इन्हें देखने और इनकी चहचहाहट सुनने के लोग सुबह-शाम रक्सी बांध पर पहुंच रहे हैं।
शीतलहर में दूसरे मुल्क से हजारों किलोमीटर की दूरी का सफर तय करने के बाद अलग-अलग प्रजाति के विदेशी पक्षी नरैनी तहसील के रक्सी बांध में अठखेलियां कर रहे हैं। विदेशी पक्षियों में लिटिल ब्राउन, पाई मैना, व्हाइट बैगतेल, ब्लैक टैंगो, कॉमन मैना, सारस क्रेन, हाउस स्पेटो, पेटेंट स्टार्क, ग्रीन राक, विजन, लिटिल कार्बोनेट, लिटिल ग्रेन, ओपन बिल्ड, ग्रीन सकपिजन, आई मैना, ब्लैक मैना, ब्लैक डेंगो, कामन मैना सहित आदि शामिल हैं।
वन विभाग कर रहा निगरानी
रंग बिरंगी खूबसूरत पक्षियों को शिकारियों से बचने के लिए वन विभाग द्वारा निगरानी भी की जा रही है। उप क्षेत्रीय वन अधिकारी धर्म नारायण द्विवेदी ने बताया इन विदेशी पक्षियों को शिकारियों से बचाने के लिए समय-समय पर वन विभाग की टीम भी निगरानी के लिए जाती है ।
रूस, तिब्बत और पाकिस्तान से आए परिंदे
प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि यह विदेशी पक्षी दूसरे मुल्क से लगभग 25 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरकर चीन, मलेशिया, रूस, तिब्बत, पाकिस्तान से होकर बुंदेलखंड की जमीन पर उतर रहे हैं। नरैनी तहसील के रक्सी बांध पर देखे जा सकते हैं। बुंदेलखंड में ठंड का पारा बढ़ते ही यह विदेशी पक्षी दूसरे मुल्क से उड़कर भारत में दस्तक दे रहे हैं। इस समय रक्सी बांध में आए विभिन्न प्रजाति के पक्षी लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं।