बांदा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नवोदय विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाला खाना चेक किया। साफ-सफाई भी देखी।
अभिहित अधिकारी जय प्रकाश ने बताया कि स्कूलों में दिए जाने वाले खाना अथवा एमडीएम की गुणवत्ता सही न होने की मिल रही शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को चेकिंग के आदेश दिए गए है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को दुरेड़ी गांव में स्थित नवोदय विद्यालय में पहुंच कर खाना चेक किया।
मिलावट का संदेह होने पर काली मिर्च पाउडर, दाल, सब्जी, पनीर नमूना लिया। साफ-सफाई के निदेश दिए। इसी प्रकार टीम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय महोखर प्रथम व द्वितीय में मध्यान्ह भोजन चेक किया। मिलावट के संदेह में चार नमूने लिए। कस्तूरबा बालिका विद्यालय महोखर में दो नमूने लिए। साफ-सफाई के निर्देश दिए। बच्चों को भी हाथ साफ कर भोजन करने की सलाह दी। उधर, भूरागढ़ स्थित इंडस्ट्रियल में नितेश इंटर प्राइजेज में नूडल्स का नमूना लिया। बताया कि नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनरेश, संदीप सिंह, जितेंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।