बांदा। पति से कहासुनी होने पर नाराज महिला ने जहर खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला ने गांव के ही युवक से चार साल पहले प्रेम विवाह किया था।
गिरवां थाना क्षेत्र के गांव मलेहरा निवादा निवासी प्रधान के पति रामविलास ने बताया कि उनके गांव की मैना वर्मा (22) ने सोमवार की शाम पति संदीप से आपसी घरेलू बात पर कहासुनी होने पर जहर खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया।
मेडिकल कॉलेज में देर रात उसने दम तोड़ दिया। संदीप ने गांव की ही मैना से चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके एक पुत्र व एक पुत्री भी है। गिरवां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवलोचन यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी किसी पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाया है।