पैलानी। सदर तहसील के गांव पपरेंदा में बाढ़ का पानी अब तक पूरी तरह नहीं निकल सका है। धोबिन मोहल्ला और यादव मोहल्ले में सड़क किनारे बसी बस्तियों के ऊपर से पानी बह रहा है।
राघवेंद्र प्रजापति व मानसिंह के घरों के आसपास पानी भरा होने से लोगों को पैदल आवागमन में परेशानी होती है। वहीं, अभी तक गांव के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी जलभराव बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि नाले के किनारे कुछ लोगों ने डूब क्षेत्र में अतिक्रमण कर मकान बना लिए हैं, जिससे बरसात और बाढ़ का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। जलनिकासी के लिए प्रशासन ने बांदा-हमीरपुर मार्ग के किनारे जेसीबी से नाले की खोदाई कराई थी। इससे गुरु सदन के सामने सड़क का करीब आधा हिस्सा प्रभावित हो गया है।
नाले से निकली मिट्टी सड़क पर पड़ी होने से एक तरफ का मार्ग बंद है और वाहनों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने सड़क से मिट्टी हटाकर मार्ग सुचारु कराने की मांग की है।
उधर, मरवा हार में बना बांध बारिश के दौरान पानी से लबालब होने पर टूटने की स्थिति में पहुंच गया था। इससे ग्रामीणों में दहशत थी। सूचना पर सदर तहसीलदार विकास पांडेय ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए बांध पर तत्काल 200 अतिरिक्त बोरी लगवाई थीं, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।