बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची को ले जाकर युवक ने दुष्कर्म किया। परिजनों ने बच्ची को गंभीर हालत में कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर शाम उसका आपरेशन किया गया।
मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार की शाम उसकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी। वहां से नामजद युवक टॉफी, बिस्कुट खिलाने के बहाने गांव के बाहर पुलिया के पास बच्ची को ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
तलाश करने पर रात में करीब साढ़े 8 बजे बेटी पुलिया के पास रोते हुए रक्तरंजित हालत में मिली। बच्ची ने पूरी घटना बताई। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।
बच्ची के पिता ने युवक के तीन अन्य परिजनों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। सूचना पर देर रात पुलिस अधीक्षक डॉ. एसएस मीणा, एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान, नरैनी सीओ सियाराम और गिरवां इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह फोर्स के साथ पहुंचे।
पुलिस ने रात में ही मुख्य आरोपी कल्लू राजपूत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने पॉस्को एक्ट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। धमकी देने वाले तीन आरोपी फरार बताए गए हैं। उधर, बच्ची के चाचा ने शनिवार को थाने में एक अन्य तहरीर में आरोपी के खानदानी तीन अन्य लोगों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।