गार्डन में कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारी। स्रोत: प्रशासन
बांदा। राजधानी लखनऊ में हाल ही में हुई हृदय विदारक घटना के बाद जिले में भवन सुरक्षा मानकों और अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। बृहस्पतिवार को बांदा विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के पांच मैरिज हॉल का निरीक्षण कर उन्हें सील कर दिया। सभी ने नक्शा ही नहीं पास कराया था।
निरीक्षण के दौरान सिटी गार्डन, श्रीकुंज मैरिज हॉल, संगम गार्डन, प्रतीक गेस्ट हाउस और मॉडर्न मैरिज हॉल के पास भवन निर्माण का स्वीकृत नक्शा उपलब्ध नहीं मिला। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए टीम ने इन सभी प्रतिष्ठानों को सील करा दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और भवन मानकों का भी परीक्षण किया।
बीडीए के सचिव मदन मोहन वर्मा ने कहा कि मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जिन भवनों का निर्माण बिना स्वीकृति या नियमों के विपरीत पाया जाएगा, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। इससे एक दिन पहले शहर में संचालित कई कोचिंग सेंटरों की जांच कर पांच संस्थानों को बंद कराया था, जबकि एक को सील किया गया था।