बांदा। महानगरों की तरह बांदा शहर भी जल्द नजर आएगा। विकास प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग ने पौने चार लाख लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2031 तक के विकास का खाका तैयार किया है। इसके तहत करीब एक अरब से विकास कार्य कराए जाएंगे। फिलहाल योजना के पहले चरण में 12 करोड़ रुपये से शहर के पांच चौराहों का सुंदरीकरण किया जाएगा। इससे लिए शासन से हरी झंडी भी मिल गई है। विकास प्राधिकरण का दावा है कि काम जल्द शुरू किया जाएगा।
शहर के अलीगंज व महाराणा प्रताप चौक की तरह अन्य प्रमुख चौराहे भी सुंदर बनाए जाएंगे। इनमें बेहतर यातायात, पर्यावरण, मनोरंजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पार्क का निमार्ण व सेल्फी प्वाइंट बनाने के साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
विस्तारीकरण योजना में शहर सीमा से सटे 30 गांवों को शामिल कर 4360 हेक्टेयर क्षेत्रफल में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विकास प्राधिकरण ने दावा किया है कि महानगर योजना 2021 में शहर के 2412 हेक्टेयर क्षेत्र में कई विकासपरक योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। जिसका यहां के पौने तीन लाख लोगों को सुविधा हो रही है।
विभिन्न उपयोगों को अलग-अलग भूमि
-महानगर योजना 2031 में को शहर को आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, सार्वजनिक उपयोग के लिए अलग-अलग रखा गया है। आवासीय क्षेत्र को 1009.29 हेक्टेयर से बढ़ाकर 2352.83, व्यावसायिक को 34.07 से बढ़कर 185.90, औद्योगिक क्षेत्र को 103.36 से बढ़ाकर 220.64, कार्यालयों के लिए भूमि 87.34 से बढ़ाकर 426.42 व मनोरंजन सुविधाओं के लिए 411.33 से बढ़ाकर 845 हेक्टेयर और यातायात व परिवहन के लिए 329 हेक्टेयर और अन्य उपयोगों के लिए 264.25 हेक्टेयर भूमि निर्धारित की गई है।
इन चौराहों का होगा कायाकल्प
महानगर योजना 2021 में शहर के अलीगंज, महाराणा प्रताप चौक का चौड़ीकरण कर उसे सुंदर बनाया गया। 2031 की योजना में बाईपास मवई चौराहा, तिंदवारी चौराहा, खेत सिंह चौराहा, अतर्रा चौराहा और नरैनी चौराहा को शामिल किया गया है। जिसमें चौड़ीकरण के साथ ही बेहतर यातायात, चौराहों पर आधुनिक लाइटिंग, ट्रैफिक नियंत्रण प्रणाली और प्राकृतिक सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए महानगरों की तर्ज पर पार्क और उसमें पौधरोपण, सेल्फी प्वाइंट होगा। महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी।
वर्जन-
महानगर योजना के प्रथम चरण में शहर के पांच पार्कों के लिए 12 करोड़ के विकास कार्यों को शासन से हरी झंडी मिल गई है। जल्द ही इस योजना को लेकर काम शुरू कराया जाएगा।-मदन मोहन, सचिव, विकास प्राधिकरण, बांदा