बांदा। लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता राजाराम मथुरिया, सहायक अभियंता, अवर अभियंता समेत पांच लोगों के विरुद्ध कोर्ट के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने मारपीट और डकैती की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि विवेचना कर जल्द रिपोर्ट दी जाएगी।
छात्र नेता सुशील त्रिवेदी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने हमीरपुर के बांदा-मरौली संपर्क मार्ग की करीब चार किलोमीटर सड़क का 50 लाख की लागत से डामरीकरण किया था, लेकिन सड़क सप्ताह भर में टूट गई। इसके अलावा डीजल के नाम पर बड़ा घपला किया गया। लॉग बुक में स्कूटर और बाइकों के नंबर दर्ज हैं, जिनमें डीजल भराना बताया गया। इसकी उन्होंने शासन स्तर तक शिकायत की थी।
जांच में भ्रष्टाचार की पुष्टि होने पर आरोपी बैखला गए और उन्होंने पहले मेरे खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का फर्जी मामला दर्ज कराया। इसी साल पांच अक्टूबर को जब वह रात के 10:30 बजे बाइक से घर जा रहे थे तो घर के दरवाजे स्कार्पियों में सवार सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता राजाराम मथुरिया (30 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हुए), सहायक अभियंता अजय कुमार, अवर अभियंता कुलदीप विश्वकर्मा व दो अज्ञात हाथ में रिवाल्वर लिए उतरे और मारपीट करने लगे। इस दौरान रुपये और सोने की चेन छीन ली। शोर मचाने पर लोग दौड़े तो आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने इनके प्रभाव में रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पीड़ित ने धारा 157 (3) के तहत विशेष दस्यु प्रभावित कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराकर विवेचना की याचना की। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 395, 504,506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।