बांदा। पुलिस लाइन में चल रही 24वीं अंतर्जनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन पर बांदा ने प्रयागराज को तीन विकेट से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया। बांदा के खिलाड़ी विक्रम को मैन आफ द सिरीज का खिताब दिया गया।
फाइनल मैच में बांदा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रयागराज की टीम 18 ओवर में 84 रन पर ऑल आउट हो गई । प्रयागराज की ओर से अरविन्द ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांदा की टीम ने 18वें ओवर में तीन विकेट से मैच को जीत लिया। बांदा टीम के विक्रम ने फाइनल मैच में चार विकेट लिए व 23 रन बनाए जिसके लिए उन्हे मैन आफ द मैच चुना गया।
पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विक्रम ने तीन मैच में 12 विकेट लिए तथा 85 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हे मैन आफ द सिरीज चुना गया। एसपी द्वारा शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता में पूरी खेल भावना एवं उत्साह से भाग लेने के लिए उनकी सराहना की। समापन समारोह में सीओ सिटी-लाइन गवेन्द्र पाल गौतम, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा आदि उपस्थित रहे।