डीआईओएस कार्यालय के मॉनीटिरिंग सेल में परीक्षा केंद्रों का लाइव रन करते प्रभारी।-संवाद
- फोटो : संवाद
बांदा। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए लाइव रन में पांच विद्यालय फेल हो गए। दो दिन में सीसीटीवी कैमरे सुधारने की नसीहत दी गई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जानी है। डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम व मॉनीटिरिंग सेल बनाया गया है। शुक्रवार को मॉनीटिरिंगसेल से लाइव रन कराया गया। इसमें फात्मा गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित पांच परीक्षा केंद्र लाइव नहीं हो सके। इन्हें दो दिन की मोहलत दी गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। सभी 65 परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय किया गया है।
गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार और डिप्टी कलेक्टर इरफान उल्ला की उपस्थिति में पहला लाइव रन कराया गया। मॉनीटिरिंग सेल में सात कंप्यूटरों पर दो-दो आपरेटरों की तैनाती की गई है। लाइव रन में फातमा गर्ल्स इंटर कॉलेज, शंकर पार्वती इंटर कॉलेज करतल, प्रो.दीनदयाल पांडेय इंटर कॉलेज बदौसा, कृषक समाज इंटर कॉलेज पुकारी, जीआईसी कालिंजर के सीसीटीवी कैमरे खराब मिले। डीआईओएस ने इन केंद्र व्यवस्थापकों को दो दिन की मोहलत दी है।डीआईओएस ने कहा कि इस बार सभी केंद्रों के स्ट्रांग रूम में विद्यालय का नाम लिखा जाएगा। ताकि मॉनीटिरिंग सेल से विद्यालय की जानकारी हो सके।
जीआईसी स्ट्रांग रूम में पहुंचे बोर्ड प्रश्न पत्र
बांदा। राजकीय इंटर कॉलेज बांदा में शुक्रवार को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्र पहुंच गए। इन्हें स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवाया गया। अब शुक्रवार से डीआईओएस कार्यालय में बने मॉनीटिरिंग सेल से इस स्ट्रांग रूम की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। स्ट्रांग रूम में दो पुलिस जवानों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। (संवाद)