बांदा। शनिवार को पांच और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें भाजपा नेता, दो महिलाएं और दो पुरुष हैं। महिलाएं बांदा शहर की हैं। इन्हें मिलाकर 24 घंटे के अंदर जिले में नए पाए गए मरीजों की संख्या 23 हो गई। शुक्रवार को 18 नए मरीज पाए गए थे।
शनिवार को शाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी कोरोना प्रेस नोट में चार रिपोर्ट पॉजिटिव बताई गई। इनमें बांदा शहर के अलीगंज की 50 वर्षीय और बन्योटा की 59 वर्षीय महिलाएं तथा जसपुरा के इछावर का 65 वर्षीय पुरुष और बिसंडा क्षेत्र के भीती गांव का 24 वर्षीय युवक शामिल हैं। इसके अलावा एक भाजपा नेता भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। सीएमओ ने बताया कि इन्हें मिलाकर जिले में अब सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 102 हो गई है।
अब तक कुल पॉजिटिव पाए गए मरीजों का आंकड़ा 234 हो गया है। 131 मरीजों को स्वस्थ हो जाने पर डिस्चार्ज किया जा चुका है। अब तक 12,192 लोगों के नमूने जांच को भेजे जा चुके हैं। इनमें 1414 की रिपोर्ट आनी बाकी है। बताया कि शनिवार को 307 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें पांच संक्रमित हैं। गौरतलब है कि अब तक कोरोना संक्रमण से जिले में दो मौतें भी हो चुकी हैं।
उधर, विकास भवन में स्थित कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का शनिवार को डीएम अमित सिंह बंसल ने निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना संक्रमण संबंधी कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि रोजाना हो रही सैंपलिंग का ब्योरा कंप्यूटर में फीड किया जाए। सीएमओ को निर्देश दिया कि निर्धारित प्रारूप पर 250 नमूनों के अतिरिक्त 500 एंटीजन टेस्ट भी कराए जाएं।
टेस्ट की अपडेट रिपोर्ट हर दिन शाम तक जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को भेजें। जिन क्षेत्रों में पॉजिटिव केस ज्यादा आ रहे हैं। वहां एंटीजेन टेस्ट कराएं। गांवों में बीडीओ, डीपीआरओ तथा एसडीएम और शहर में नगर पालिका ईओ तथा एसडीएम व नगर मजिस्ट्रेट इसमें सहयोग करें। डीएम ने निर्देश दिया कि रोजाना कम से कम दो बार निगरानी समिति/केयर टेकर सैंपल लिए गए व्यक्ति को कॉल करके उसके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लें।
यह भी पता करें कि वह इधर-उधर तो नहीं घूम रहा। डीएम ने कोविड मरीजों को भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। शनिवार और इतवार को बड़े पैमाने पर जनपद में सफाई और सैनिटाइजेशन कराने को कहा। इस बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह सहित सीएमओ, अर्थ एवं संख्या अधिकारी संजीव सिंह बघेल, डीपीआरओ संजय यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिश्चंद्र नाथ, ईओ संतोष कुमार मिश्रा, कृषि अधिकारी, एआरसीएस आदि शामिल रहे।
बदौसा कस्बे के पौहार रोड (नई बाजार) में लोहा व्यापारी के पुत्र और पुत्रवधू 24 जुलाई को आई जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाए गए। कस्बे में यह पहले संक्रमित मरीज हैं। कस्बावासी सहमे हुए हैं। स्थानीय नागरिकों ने संक्रमितों के मोहल्ले सहित पूरे कस्बे में संक्रमण की जांच कराने की मांग की है।
उधर, स्वास्थ्य विभाग की चार टीमों ने संक्रमितों के मोहल्ले से सौ मीटर के दायरे में थर्मल स्क्रीनिंग की। दो टीमों ने सैनिटाइजेशन किया। नायब तहसीलदार कमलेश कुमार, थाना प्रभारी, कानूनगो, लेखपाल भी उपस्थित रहे। फिलहाल बैरीकेडिंग नहीं कराई गई है। आमदरफ्त जारी है।