बांदा। ग्रीष्म अवकाश के बाद परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई शुरू हो गई है। बच्चे बिना यूनिफार्म व जूता मोजा के पहुंच रहे हैं या फिर पुरानी यूनिफार्म में आ रहे है।
चित्रकूटधाम मंडल में 4,799 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें पांच लाख 66 हजार 439 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। बांदा के 1,728 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में 2,18,769, चित्रकूट में 1,256 परिषदीय विद्यालयों में एक लाख 444 हजार 383, हमीरपुर जनपद में 967 विद्यालयों में एक लाख नौ हजार 895 और महोबा जनपद में 848 विद्यालयों में 93 हजार 192 छात्र-छात्राओं का नामांकन है। कक्षा एक से आठवीं तक के यह नौनिहाल विद्यालय में बिना यूनिफार्म, जूता-मोजा और बैग के आ रहे हैं। कुछ बच्चे पुराने व फटी यूनिफार्म में पहुंच रहे हैं।
प्रति छात्र 1150 रुपये निर्धारित
बांदा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि बच्चों के यूनीफार्म-जूता-मोजा, बैग के लिए साढ़े 11 सौ रुपये अभिभावकों के खाते में डीबीटी (डायरेक्टर बेनीफिट ट्रांजक्शन) के तहत भेजे जाते हैं। इसमें 300 की यूनीफार्म, 300 रुपये में बैग, 300 रुपये में स्वेटर और बाकी में जूता-मोजा अभिभावक खरीदते हैं। अभी तक सत्यापन होने से यह पैसा बच्चों को नहीं मिला है।
-सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को सत्यापन कराने के लिए कहा गया है। बच्चों का सत्यापन होने के बाद सूची शासन को भेजी जाएगी। जुलाई तक पैसा खातों में पहुंच जाएगा।
-अरुण कुमार शुक्ला, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक, बेसिक, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा