बांदा। मंडल स्तरीय दो दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। मिनी ग्रामीण स्टेडियम, दुरेड़ी में अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए।
100 मीटर दौड़ बालक व बालिका में अखिल दिव्य सोनी (चित्रकूट) व शीतल (बांदा), 200 मीटर में अखिल दिव्य सोनी व फूलमती (चित्रकूट), 400 मीटर दौड़ में अजय कुमार व फूलमति (चित्रकूट), 800 मीटर दौड़ में मो.नसीम (चित्रकूट) व रोशनी तिवारी (महोबा) और 1500 मीटर दौड़ में सामर्थ मिश्रा (चित्रकूट) व रोशनी तिवारी (महोबा) प्रथम रहीं। 3000 मीटर दौड़ में सतीश सिंह (चित्रकूट) व रोशनी तिवारी (महोबा) प्रथम रहीं। भारोत्तलन में किशन कुमार (बांदा) प्रथम रहे। लंबी कूद बालक बालिका में वेद प्रकाश (चित्रकूट) व वर्षा कुमारी (महोबा) प्रथम रहीं।
गोला फेंक बालक-बालिका में पुण्डरीव त्रिपाठी (चित्रकूट) व वर्षा कुमारी (महोबा) प्रथम रहीं। ऊंचीकूद बालक-बालिका में रोहन ओझा (बांदा) व पूजा (बांदा) प्रथम रहीं। डिस्कस थ्रो बालक-बालिका में पुण्डरीक त्रिपाठी (चित्रकूट) व रहनुमा (महोबा) प्रथम रहीं। कबड्डी में बालक में महोबा विजेता व उप विजेता बांदा रहा। बालिका कबड्डी में बांदा विजेता व महोबा उप विजेता रहा। समापन पर संयुक्त विकास आयुक्त रमेशचंद्र पांडेय ने विजेताओं को पुरस्कार दिए। जिला युवा कल्याण अधिकारी बृजेंद्र कुमार, रवींद्र कुमार पटैरिया, रामबाबू आदि रहे। निर्णायक में हमीद खां, रमाकांत गुप्ता, मतगंजन प्रसाद, अनिल कुमार, रामस्वरूप रहे।
---------------
रामकथा में लक्ष्मण शक्ति का वर्णन
कमासिन। संगीतमयी रामकथा के अंतिम दिन कथा वाचक सुमन देवी ने लक्ष्मण शक्ति का वर्णन किया। कहा कि संकट काल में भाई के साथ भाई की कैसी भूमिका होनी चाहिए। तुलसीदास के रामचरित मानस से सीखना चाहिए। हनुमान के सेवा भक्ति का वर्णन भी किया। मनीषा नंद महाराज ने सुंदरकांड का वर्णन करते हुए कहा कि प्राणी को जगत प्राणियों के प्रति निस्वार्थ भाव से सेवा का अवसर प्राप्त करना चाहिए। सुंदरकांड सुनकर सभी भक्त आनंदित हो गए। कथा के बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया। (संवाद)
----------------
रायबरेली से लापता किशोरी नरैनी में मिली
नरैनी। रायबरेली जिले से दो साल पहले लापता किशोरी को उसके पिता व भाई ने कोतवाली पुलिस की मदद से खोज निकाला। पिता ने कोतवाली में आरोपी पर नाबालिग को दो साल से बंधक बनाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। रायबरेली से आए पिता ने बताया कि लगभग दो साल पहले उसकी किशोर उम्र बेटी लापता हो गई थी। पुलिस की मदद से नरैनी के एक मोहल्ले से इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र शर्मा ने पुत्री को ढूंढ निकाला। आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि रायबरेली पुलिस को बुलाकर आरोपी को सौंपा जाएगा। (संवाद)
------------------
नवजात के शव की सूचना से हड़कंप
नरैनी। यहां सीएचसी के कूड़ेदान में सोमवार की शाम दो शिशुओं के शव की सूचना से हड़कंप मच गया। अधीक्षक डा. देव त्रिपाठी का कहना है कि शाम को कूड़ेदान में एक नवजात का शव पड़े होने की जानकारी मिली थी, लेकिन उसका पता नहीं चला, न ही शव मिला। उनका कहना था कि सीएचसी से इसका कोई लेना-देना नहीं है। (संवाद)
--------------
बाइक सवार बुआ-भतीजा घायल
नरैनी। ओरन थाना क्षेत्र के भीती मझींवा गांव की उमा मिश्र मंगलवार को दोपहर अपने भतीजे विपिन के साथ बाइक से मायके बारबंद (छतरपुर) जा रही थी। लहुरेटा गांव के नहर पुल के पास पीछे से आ रहे बालू भरे वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। उमा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक चालक के हेलमेट लगाने की पुष्टि नहीं हुई। (संवाद)
----------------
हादसे में सराफा व्यवसायी समेत पांच घायल
बांदा। मटौंध क्षेत्र के खैराडा गांव के पास स्कार्पियो और कार की टक्कर में सराफ पिता-पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में कार सवार सराफा व्यवसायी कालूकुआं निवासी आशाचरन सोनी, उनका बेटा सुनील और स्कार्पियो सवार खैराडा (मटौंध) गांव निवासी छुट्टू सिंह उर्फ विनोद, कामता विश्वकर्मा, मिशुलेश शामिल हैं। सराफ पिता-पुत्र भाजपा नेता द्वारिका प्रसाद सोनी के संबंधी हैं। (संवाद)
--------------------
ओवरलोड सात ट्रक पकड़े
नरैनी। खनिज और पुलिस विभाग ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर बालू से भरे ओवरलोड सात ट्रक पकड़कर उन्हें सीज कर दिया। सोमवार की रात सीओ सियाराम, खनिज इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने करतल मार्ग पर चेकिंग की। खनिज इंस्पेक्टर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। (संवाद)
----------------
नाल वादक के घर हजारों की चोरी
बांदा/नरैनी। शहर के क्योटरा मुक्तिधाम के पास नाल वादक राजेंद्र कुमार के घर से मंगलवार को तड़के चोरों ने घर में घुसकर 10 हजार की नगदी और सोने-चांदी के जेवर व दो मोबाइल पार कर दिए। सुबह कमरों में सामान बिखरा मिला। उधर, नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरुआ स्योढ़ा मार्ग निवासी हरीराम कबीर बेदी के घर के दरवाजे खड़े ट्रैक्टर की चोर बैटरी खोल ले गए। कुछ दिन पहले पड़ोसी रंजीत सिंह के दरवाजे खड़े दो ट्रैक्टरों की बैटरी चोरी हो चुकी हैं। (संवाद)