भारतीय स्टेट बैंक की बबेरू ब्रांच में रविवार की रात आग लग गई। आग से बैंक के कंप्यूटर सिस्टम को भारी क्षति पहुंची है। इसके अलावा फर्नीचर और अभिलेख भी जल गए। हालांकि तिजोरी में रखा करीब 68 लाख रुपये कैश बच गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। हादसे के बाद इस ब्रांच को एक हफ्ते के लिए बंद कर दिया गया। यहां के खाताधारकों का काम बांदा स्थित स्टेट बैंक की मुख्य ब्रांच में होगा।
बैंक शाखा में आग की घटना रात करीब 10 बजे की है। बैंक परिसर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मोहल्लावासियों ने बबेरू कसबे में रहने वाले बैंक के सहायक प्रबंधक को भी सूचना दी। उप सहायक प्रबंधक महावीर सोनकर तत्काल बैंक पहुंचे।
उन्होंने चैनल का ताला खोला तो अंदर धुआं ही धुआं भरा था। इस बीच फायर ब्रिगेड आ गई। दमकल टीम ने आग बुझानी शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अग्निकांड में बैंक के कंप्यूटर सिस्टम पूरी तरह जल चुके थे।
एटीएम चेंजर, दो एसी, दो सीलिंग फैन, चार प्रिंटर और अन्य बिजली उपकरण व फर्नीचर के अलावा पासबुक व अभिलेख जलकर नष्ट हो गए। हालांकि तिजोरी में रखा 68,32,447 रुपये आग से बचा रहा। बैंक के मुताबिक लगभग 25 लाख का नुकसान हुआ है।
बैंक के एक अन्य गेट का ताला तहसीलदार की मौजूदगी में तोड़ा गया। शाखा प्रबंधक आरके गुप्ता ने बताया कि अग्निकांड की वजह से फिलहाल एक हफ्ते बैंक में लेनदेन आदि का काम नहीं होगा। एटीएम भी बंद रहेगा।
खाताधारकों और ग्राहकों की सुविधा के लिए यहां के चार कर्मचारियों को बांदा कचहरी स्थित स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में लगाया गया है। यहां के खाता धारकों का लेनदेन वहीं से होगा। उधर, आग की खबर पाकर खाताधारकों में चिंता बढ़ गई।
आग की सूचना पाकर काफी संख्या में खाताधारक बैंक पहुंचे। उन्होंने रकम और कागजातों को लेकर आशंका जाहिर की। बैंक कर्मचारियों ने उन्हें आश्वस्त किया वे सीबीएस व्यवस्था के चलते किसी को नुकसान नहीं होगा।