खत्री पहाड़। विंध्यवासिनी देवी मंदिर के पहाड़ पर मंगलवार की शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की भयावह लपटों को देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से करीब दो घंटे में आग पर काबू पा सके।
विज्ञापन
गांव स्थित पहाड़ के ऊपरी हिस्से में विराजमान देवी मंदिर के पास देर शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटों को देखते ही पूरे गांव में हलचल मच गई। आनन-फानन लोग मौके पर पहुंचे। पहाड़ पर दमकल की गाड़ियों की पहुंच न होने से ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आग को बुझाने का प्रयास किया। लगभग पांच सौ से ज्यादा ग्रामीणों ने पहाड़ पर पहुंचकर वहां स्थित पानी की टंकी से बाल्टियों में पानी भर-भरकर आग की लपटों पर छिड़काव किया। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं घटना की जानकारी होने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद में लगा रहा।(संवाद)