- आरोपियों ने कहे अपशब्द, जानमाल की धमकी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा। पति से विवाद के बाद मायके पक्ष को बुलाकर ससुराल से जेवर, नकदी और कीमती साड़ियां ले जाने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बहू समेत पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
कस्बे के लखन कालोनी निवासी राजेंद्र प्रसाद ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र दिलीप सोनी की शादी अप्रैल 2025 को महोबा के बांस पहाड़िया निवासी आकृति सोनी से हुई थी। आरोप है कि नौ मार्च की देर रात पति से विवाद के बाद आकृति ने अपने पिता जयप्रकाश, भाई अनुभव उर्फ बाबी, बहन रिया और चाचा सुधीर उर्फ बबलू को बुला लिया। अगले दिन घर में रखे करीब 15 लाख कीमत के जेवर, 20 हजार की नकदी व कीमती साड़ियां लेकर चले गए। सामान वापस मांगने पर आरोपियों ने जानमाल की धमकी भी दी। पुलिस से शिकायत के बाद सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।