तिंदवारी। खंड शिक्षा अधिकारी आभा अग्रवाल ने प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर के भवन को बिना अनुमति ध्वस्त करने का आरोप लगाया है। यह आरोप गांव के रामचंद्र पर लगा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
आभा अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 जून को कमलेश, राजाराम और मनोज सिंह ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि ग्राम सिंहपुर में गाटा संख्या 676 पर बना सरकारी प्राइमरी विद्यालय भवन गिरा दिया गया है। रामचंद्र पाल ने रात एक बजे जेसीबी लगाकर इसे ध्वस्त किया। इसके बाद 15 जून को नायब तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया।
22 जून की जांच रिपोर्ट में बताया गया कि गाटा संख्या 676 में रामचंद्र का नाम संक्रमणीय भूमिधर दर्ज है। हालांकि, खसरे के कॉलम 18 में स्कूल अंकित है। ग्रामवासियों ने पुष्टि की कि इस गाटे पर बने पुराने भवन में कक्षाएं लगती रही हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
-
वर्ष 1995 से निष्प्रयोज्य था जर्जर भवन
ग्रामवासियों के अनुसार प्राथमिक विद्यालय सिंहपुर के इस पुराने भवन में कक्षाएं वर्ष 1960 से वर्ष 1995 तक संचालित होती थीं। वर्ष 1995 में मौजा सिंहपुर के गाटा संख्या 608 में नया विद्यालय भवन बन गया। इसके बाद से कक्षाएं नए भवन में ही लगने लगीं। पुराना भवन जर्जर होने के कारण निष्प्रयोज्य हो गया था।