कालिंजर थाना क्षेत्र के परसहर गांव में भाई-भतीजे और रिश्तेदारों द्वारा की गई ग्रामीण की हत्या के मामले में सपा नेता भी फंस गए हैं। इस मामले में सपा नेता समेत 10 लोगाें के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों में मृतक का सगा भाई और भतीजा भी शामिल है। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने गांव आकर हालात की जानकारी ली।
शनिवार को दोपहर करीब 2 बजे परसहर गांव में हीरालाल (36) पुत्र गिरजा शरण की उसी के भाई और भतीजे आदि ने लाठियों से पीटकर हत्या कर दी थी। बीच-बचाव को आई मां भूरीबाई, पत्नी उज्जी तथा पुत्री गोल्हो को भी लाठियों से घायल कर दिया था।
सुनीता (26) पत्नी बृजमोहन यादव के दोनों पैर तोड़ दिए। वह जिला अस्पताल में भर्ती है। मृतक के ममेरे भाई और सुनीता के पति बृजमोहन यादव की तहरीर पर कालिंजर थाना मेें सपा के पूर्व जिला महासचिव जगमोहन यादव और उसके छोटे भाई शिव मोहन पुत्रगण रज्जू, मृतक के बड़े भाई राम प्रताप पुत्र गिरजाशरण, भतीजे छोटा यादव पुत्र राम प्रताप और रिश्तेदार झम्मन व दाऊ उर्फ गणेश पुत्रगण बुल्ली, विश्वनाथ, रामसेवक, रामसजीवन पुत्रगण झम्मन और राम भरोसा पुत्र दाऊ उर्फ गणेश के विरुद्ध धारा 302, 504, 506, 147, 148, 325 का मुकदमा दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट दर्ज कराने वाला बृजमोहन आरोपी सपा नेता जगमोहन का सगा भाई है। कालिंजर थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि आरोपी राम प्रताप, झम्मन और दाऊ उर्फ गणेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। अपर एसपी आशुतोष शुक्ल भी गांव पहुंचे।
कालिंजर थाना पुलिस गांव में तैनात है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद रविवार को दोपहर बाद करीब 3 बजे हीरालाल का शव गांव पहुंचा। दशहत के चलते उसके दरवाजे गांव का कोई व्यक्ति नहीं गया। सिर्फ बूढ़े मां-बाप, पत्नी और बच्चे ही बिलखते रहे।