बांदा। शहर के नोनिया मोहाल कटरा निवासी अनुज चौहान (13) की नदी में डूबने से हुई मौत को लेकर परिजन ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजन ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की नए सिरे से निष्पक्ष जांच कराने और किशोर के साथियों से पूछताछ की मांग की है।
प्रदीप चौहान ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि अनुज के पिता राकेश चौहान की मौत हो चुकी है। दो नवंबर की रात करीब 8:15 बजे अनुज अशोक लाट के पास देखा गया था। रात 10 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू की गई।
तीन नवंबर को पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। अगले दिन चार नवंबर को नदी में शव मिलने की जानकारी मिली थी। इसकी पहचान अनुज के रूप में की गई थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है। हालांकि घटनाक्रम और शव की स्थिति कई सवाल खड़े करती है। परिजन का कहना है कि अनुज कभी नदी की ओर नहीं जाता था।
जिस स्थान पर उसका शव मिला, वह सुनसान इलाका है। इसके अलावा शरीर पर चोट और जलने जैसे निशान, पेट की सामान्य स्थिति तथा शव पर दूसरे कपड़े होने को भी उन्होंने संदेह का आधार बताया है।
आशंका जताई है कि अनुज के साथ मारपीट करने के बाद उसे नदी में फेंका गया हो। उन्होंने मामले में उसके साथियों से पूछताछ कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।