बांदा। पिता की जमानत के लिए उधार जुटाए पैसे जुएं में हार जाने पर शराब के नशे में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उधर, चचेरे भाई ने हत्या कर शव टांगने की आशंका जताई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के बिलगांव गांव की है। यहां मंगलवार की रात धर्मेंद्र कुमार (18) पुत्र रामसुरेश का शव उसके कच्चे घर में फांसी के फंदे से झूलता मिला। दरवाजे खुले थे। चचेरे भाई राकेश ने आरोप लगाया कि रंजिशन धर्मेंद्र की हत्या कर शव फंदे पर लटका दिया गया। उसके चोट थी और नाक से खून निकल रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। राकेश ने यह भी बताया कि धर्मेंद्र के पिता रामसुरेश पिछले वर्ष जन्माष्टमी पर गांव में हुई खानदान के युवक की हत्या के आरोप में जेल में है। उसकी जमानत के लिए धर्मेंद्र ने कुछ लोगों से पांच-छह हजार रुपये उधार लिए थे। पिता जेल में है और मां का कई वर्ष पूर्व स्वर्गवास हो चुका। बहन की शादी हो चुकी है और तथा छोटा भाई गुजरात में मजदूरी करने गया है। धर्मेंद्र घर में अकेला रहता था।
बिसंडा थाना इंसपेक्टर तारा सिंह पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। पिता की जमानत का पैसा जुएं में हार जाने की बात भी थाना इंसपेक्टर ने बताई। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।