जिला अस्पताल में भर्ती घायल उदयभान।
- फोटो : संवाद
बबेरू (बांदा)। ट्रक से मौरंग उतार रहे पिता-पुत्र गाड़ी को बैक करते समय ट्रक की चपेट में आ गए। दोनों गंभीर घायल हो गए। मौके से ट्रक चालक और क्लीनर भाग निकले। पुलिस ने दोनों को बबेरू सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। पुत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के औगासी रोड रावण ग्राउंड निवासी उदयभान (25) ने बताया कि वह अपने पिता संपूरन (67) के साथ रविवार की रात 12 बजे मौरंग से भरे ट्रक से बालू उतारने औगासी रोड पेट्रोल पंप के पास गए थे। वह ट्रक से मौरंग निकाल रहे थे। तभी ट्रक के क्लीनर ने ट्रक को बैक किया तो वह दोनों ट्रक की चपेट में आकर दब गए। हादसा होते देख ट्रक चालक और क्लीनर मौके से भाग निकले। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में बबेरू सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने समपूरन को मृत घोषित कर दिया। उदयभान को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उदयभान की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। समपूरन के भतीजे सुनील ने बताया कि उनके दो पुत्र व पांच पुत्रियां हैं। बड़े पुत्र राजेश की दो साल पहले करंट लगने से मौत हो चुकी है। घर में संपूरन की पत्नी रमकलिया है। बबेरू कोतवाल राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।