बांदा। मुंबई से बांदा आ रहे यात्री की ट्रेन में अचानक हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। उनके साथ यात्रा कर रहे भतीजे ने रेलवे को सूचना दी। पुलिस ने शव को बांदा प्लेटफार्म में उतार लिया।
फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लौगांव निवासी छोटू ने बताया कि उसके चाचा मोतीलाल रैदास (56) मुंबई में रहकर कंपनी में खाना बनाने का काम करते थे। वह श्वांस के मरीज भी थे। शनिवार को वह बलिया एक्सप्रेस ट्रेन से मुंबई के दादर स्टेशन से जनरल बोगी में सवार होकर अपने भतीजे छोटू के साथ बांदा के लिए निकले थे। रास्ते में वह सो गए।
बीना स्टेशन पर उसके भतीजे छोटू ने उन्हें उठाया तो वह नहीं उठ सके। छोटू ने ट्रेन में चल रहे रेलवे स्टाफ को सूचना दी। रेलवे स्टाफ ने 139 नंबर पर जानकारी देने को कहा। रेलवे स्टाफ ने शव को शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे बांदा प्लेटफार्म नंबर दो पर उतार लिया।
भतीजे ने बताया कि उनके दो पुत्र तीन पुत्रियां हैं। घर में पत्नी सूरजकली हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुरुचि द्विवेदी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन श्वांस की बीमारी बता रहे हैं।