तिंदवारी में खाद न मिलने पर जाम लगाए किसान।
- फोटो : अमर उजाला
खाद संकट से जूझ रहे किसानों ने गुरुवार को बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम लगा दिया। आधा घंटे तक जाम के दौरान वाहनों की लम्बी कतारें लगी रहीं। किसानों ने सहकारी समितियों के प्रभारी पर कालाबाजारी करने व नकद मूल्य में खाद बेचने का आरोप लगाया।
कस्बे की दक्षिणी,उत्तरी सहकारी समिति व सहकारी संघ के बिक्री केंद्र में डीएपी खाद पहुंचने की जानकारी मिलते ही सुबह से किसानों ने डेरा जमा लिया। केंद्र देर से खुलने के कारण किसानों की भीड़ काफी बढ़ गई। प्रभारियों द्वारा नगद मूल्य पर खाद दिए जाने से समितियों के सदस्य किसान आक्रोशित हो गए और इसका विरोध किया और नारे लगाए। किसानों ने कहा कि पहले समितियों में पंजीकृत सदस्य किसानों को खाद मिलनी चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
थाना इंस्पेक्टर केपी सिंह ने आश्वासन देकर जाम खत्म कराया और पुलिस सुरक्षा के बीच खाद वितरित की गई। जाम के दौरान कस्बा सहित मूंगुस, तेरहीमाफी, गरौती, भुजौली, गोधनी, सेमरी, सोनरही, जसईपुर, माटा गांव के किसान मौजूद रहे। जाम में महिला किसान भी शामिल रहीं। उधर, दक्षिणी सहकारी समिति के केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि नकद खाद बेचने के आरोप गलत हैं।