बुंदेलखंड किसान यूनियन ने किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर शासन- प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। मंगलवार को बुंदेलखंड किसान यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान तहसील परिसर में एकत्रित हुए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा ने कहा कि सूखा राहत, अतिवृष्टि व ओलावृष्टि पीड़ित किसानों को चेक वितरण में राजस्व कर्मियों व अधिकारियों ने धांधली की। अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रह हैें। उपाध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा ने कहा कि तमाम किसान अभी भी चेक के लिए लेखपालों के चक्कर लगा रहे हैं। पिछले वर्ष खरीफ फसल बर्बाद होने पर 700 से 900 रुपये के चेक देकर खानापूर्ति की गई है। संगठन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस मौके पर संगठन प्रभारी लक्ष्मीकांत, प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष द्विवेदी, अनिल शास्त्री, राकेश गौतम, बालकृष्ण पटेल, राहुल शर्मा आदि ने सभा को संबोधित किया। धरने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम पुष्पराज सिंह को दिया गया।
उधर, पिछले हफ्ते जिला मुख्यालय में यूनियन के धरना-प्रदर्शन में हुए बवाल से सतर्क प्रशासन ने मंगलवार को तहसील परिसर को पुलिस छावनी बना दिया।
कोतवाली समेत अतर्रा, फतेहगंज, बदौसा, गिरवां, कालिंजर थाना और खुरहंड व करतल चौकी का पुलिस बल तथा एक प्लाटून पीएसी के साथ अतर्रा व नरैनी सीओ तैनात रहे। एसडीएम पुष्पराज सिंह ने पहले आचार संहिता का हवाला देते हुए धरना से मना किया। बाद में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के भरोसे पर सहमत हुए।