बांदा। खेत में पानी लगाते समय करंट की चपेट में आने से वृद्ध किसान की मौत हो गई। एक अन्य घटना में चक्की से आटा लेकर जा रहे किसान की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र को मोतियारी गांव निवासी हर प्रसाद (60) पुत्र स्वामीदीन मंगलवार को सुबह ट्यूबवेल से खेत की सिंचाई कर रहा था। केबल के खेत में भरे पानी के संपर्क में आने से करंट फैल गया। हर प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसी किसानों ने घरवालों को सूचना दी। मृतक के साले शिवाकांत तिवारी ने बताया कि मृतक के नाम 8 बीघा जमीन है। दो पुत्र व एक पुत्री है।
एक अन्य घटना में मटौंध थाना क्षेत्र के परम पुरवा गांव निवासी चुन्नू अवस्थी (50) पुत्र कृष्ण कुमार मंगलवार को सुबह चक्की से आटा लेकर घर जा रहा था। पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपी-112 ने उसे उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी राजेंद्री ने बताया कि 20 बीघा जमीन है। कोई संतान नहीं है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।