अन्ना पशुओं के हमले में मृतक किसान के शोकग्रस्त परिजन।
- फोटो : BANDA
अतर्रा। खेत में घुसी अन्ना गायों को खदेड़ रहे किसान की अन्ना गायों ने जान ले ली। इस घटना से खेतों की रखवाली कर रहे किसानों में दहशत और खौफ है।
अतर्रा थाना क्षेत्र के साजन का पुरवा (पिंडखर) में शुक्रवार को दोपहर किसान रामआसरे यादव (58) पुत्र चुनुबाद अपने खेत में फसल की रखवाली कर रहा था। इसी बीच अन्ना जानवरों का झुंड खेत में आ घुसा। रामआसरे ने उन्हें खदेड़ना चाहा तो झुंड की गायें आक्रामक हो गईं और चारों ओर से उसे घेरकर सींगों से हमला शुरू कर दिया।
चौतरफा मार से रामआसरे खेत में भरे पानी में जा गिरा और दम तोड़ दिया। कुछ ही देर बाद मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। थाने से आए एसआई पन्नालाल यादव ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास सात बीघे भूमि है। वह लघु सीमांत किसान था। पत्नी के अलावा तीन पुत्र और एक पुत्री है।