बांदा। बीमारी के चलते 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया था। परिजन उसे घर लाए थे। रुपयों का इंतजाम कर रहे थे तभी उसने दम तोड़ दिया। उधर, उसकी महिला मित्र ने कोतवाली में सूचना दे दी कि उसके भाई ने हत्या की है। इस पर पुलिस ने जांच की तो मामला बीमारी का ही निकला।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मी बाजार नहरी गांव निवासी राजेश ने बताया कि उसके चाचा शिवनंदी (55) के आंत में जख्म होने के कारण चार दिन पहले रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। वहां से डॉक्टर ने उसे हैलट कानपुर के लिए रेफर कर दिया था। वह उसे लेकर घर आ गए थे, ताकि रुपयों का इंतजाम कर सकें। इस बीच रविवार की रात उसने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर उसकी महिला मित्र को लगी तो उसने पुलिस को सूचना देकर शिवनंदी के बड़े भाई सियाराम पर हत्या का आरोप लगा दिया। कहा कि भाई ने शिवनंदी को गोली मार दी है। इस सूचना पर नरैनी पुलिस हरकत में आई।
नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर संदीप तिवारी ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की गई तो डॉक्टर की रिपोर्ट के आधार पर शिवनंदी को आंत में जख्म होने की बीमारी मिली है। शरीर में कोई भी गोली लगने के निशान नहीं मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बीमारी से मौत की पुष्टि की गई है। मामला 12 बीघा जमीन को लेकर है। चूंकि मृतक अविवाहित था, इसलिए उसकी महिला मित्र जमीन में हिस्सा चाह रही थी। शिवनंदी खेती किसानी करता था। वह डांसर भी था।