वृद्ध किसान ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजन आत्महत्या की वजह लंबे समय से बीमारी से परेशान होना बता रहे हैं।
अतर्रा थाना क्षेत्र के अनथुवा गांव के पलक का पुरवा निवासी मातादीन (70) पुत्र राम प्रसाद कुशवाहा ने शनिवार की रात घर के छप्पर के सहारे रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह पत्नी ने शव झूलता देखा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम कराया।
भतीजे मुकुंदलाल ने बताया कि चाचा के नाम 22 बीघे जमीन है। चार पुत्रों में जमीन का बंटवारा हो चुका है। बड़ा पुत्र छेदिया गांव में माता-पिता से अलग रहता है। मातादीन अपनी पत्नी के साथ रहता था।
दूसरा पुत्र राजाराम ओरन में रहता है। श्यामबाबू और राजाबाबू सूरत (गुजरात) में काम करते हैं। पुत्र छेदिया ने बताया कि पिता काफी दिनों से बीमार रहते थे। तमाम इलाज के बाद बीमारी ठीक न होने पर परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। पिता की मौत की खबर सूरत में रह रहे दोनों पुत्रों को दी गई है।