अतर्रा। बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव निवासी शंकर (50) ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली। परिजनों के मुताबिक उनके ऊपर 50 हजार का कर्ज था। सूदखोर कुछ महीने से उन्हें धमकी दे रहे थे। इसी के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया है।
बड़े बेटे दशरथ ने बताया कि पिता शंकर मंगलवार की शाम घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। बुधवार को सुबह अतर्रा के बदौसा रोड स्थित लेखपाल कालोनी के पीछे रेल पटरी पर उनका शव क्षत विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से हादसा होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर शिनाख्त की। ओरन निवासी दामाद ने उनकी पहचान की।
पुत्र के मुताबिक, पिता ने गांव के कुछ लोगों से खेती के लिए 50 हजार रुपये कर्ज लिया था। सूदखोर कुछ महीने से लगातार धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है। उनके पांच पुत्र एक पुत्री है। घर में पत्नी शिवप्यारी हैं। ढाई बीघा जमीन में खेती किसानी करते थे। पशुओं का इलाज भी करते थे। थानाध्यक्ष बिसंडा कौशल सिंह ने बताया कि परिजन सूदखोरी की बात कह रहे हैं। तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।