फोटो - 09 ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए टीम संकल्प के वक्ता। संवाद
- सैनिकों के परिजनों ने साझा किए विचार
- युवाओं व व्यापारियों ने निकाला कैंडल मार्च, मां भारती को किया नमन
संवाद न्यूज एजेंसी
नरैनी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर टीम संकल्प द्वारा एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैनिक परिवारों और वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संयोजक आनंद अग्रहरि ने कहा कि एक सशक्त राष्ट्र ही अपने सैनिकों और शहीदों का सच्चा सम्मान कर सकता है। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संकल्प लेने पर जोर दिया। विकास सोनी ने कहा कि देश के वीर जवान सीमाओं पर अपना कर्तव्य निभा रहे हैं और हम सभी को उनका ऋण चुकाना होगा।
कार्यक्रम में वीर बलिदानी दिनेश सिंह के पिता, पूर्व सैनिक एनडी त्रिपाठी, फलगो प्रसाद द्विवेदी और साकेत द्विवेदी के परिजनों को सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित व्यक्तियों ने अपने विचार साझा किए। इस दौरान टीम संकल्प के अभय श्रीवास्तव, गोविंद बिहारी, कालीचरण सिंह, अरविंद मोहन, सुरेंद्र मोहन, राजाभैया, रोहित सोनी, आमोद अवस्थी, विमल, सौरभ, धीरेंद्र शुक्ला और शशांक गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसी क्रम में कस्बे के युवाओं और व्यापारियों ने ब्लॉक सभागार से मुख्य चौराहा तक कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने मां भारती के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहीदों और सैनिकों को नमन किया। इस मार्च में राकेश चौरसिया, नितिन श्याम दीक्षित, कमलाकांत द्विवेदी, पुष्पेंद्र महाजन, सोनू, जीतू और सोनू करवरिया शामिल थे।