फोटो- 14 बदौसा में चेकिंग के दौरान पकड़े गए नकली पान-मसाला को चेक करते खाद्य विभाग के अधिकारी। स्त्रोत : स्वयं
- चित्रकूट से बांदा लाकर बाजार में बेचना था, बदौसा में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया
- शहर समेत कस्बों से खोवा-मिठाई के आठ नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा।
दीपावली और छठ त्योहारों पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। बदौसा में चेकिंग के दौरान विभाग ने एक पिकअप गाड़ी से 6720 पैकेट नकली पान मसाला जब्त किया। पकड़े गए माल की कीमत करीब 2.68 लाख रुपये आंकी गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य जय प्रकाश तिवारी ने बताया कि यह पान मसाला चित्रकूट से बांदा लाकर बाजार में बेचने की तैयारी थी। सूचना मिलने पर बदौसा क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप को रोककर जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नकली पान मसाला के पैकेट मिले। टीम ने मौके से ड्राइवर को हिरासत में लेकर माल जब्त किया और पूरी खेप बदौसा थाने की पुलिस को सौंप दी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली पान मसाला कहां तैयार किया गया और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। खाद्य विभाग की टीम ने शहर और आसपास के कस्बों से खोया व मिठाई के आठ नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
त्योहार के सीजन को देखते हुए विभाग ने मिठाई, दूध, तेल और मसालों के नमूनों की जांच का दायरा भी बढ़ा दिया है। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकली या मिलावटी उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना तुरंत दें, ताकि कार्रवाई की जा सके।